
हैदराबाद: भाग्यनगर (हैदराबाद) के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) पर सुरक्षा और सतर्कता में एक बेहद गंभीर और बड़ी चूक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुजरात पुलिस के ‘लुक आउट सर्कुलर’ (LOC) का सामना कर रहा धोखाधड़ी का एक हाई-प्रोफाइल आरोपी धवल दोषी, इमिग्रेशन अधिकारियों की कस्टडी को चकमा देकर एयरपोर्ट से भागने में सफल रहा। आरोपी सुरक्षा घेरे को तोड़कर न सिर्फ भागा, बल्कि एयरपोर्ट के भीतर से ही दूसरी डोमेस्टिक फ्लाइट पकड़कर मुंबई रफूचक्कर हो गया।
डिपार्चर काउंटर पर मिला था LOC अलर्ट
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी धवल दोषी अपनी पत्नी प्रियंका दोषी और बेटी के साथ बैंकॉक भागने की फिराक में था। रात करीब 2 बजे जब वह इंटरनेशनल डिपार्चर काउंटर पर पहुंचा, तो सिस्टम में एलओसी (LOC) अलर्ट आ गया। अलर्ट मिलते ही इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे तुरंत रोक लिया। अधिकारियों ने उसका पासपोर्ट और बोर्डिंग पास जब्त कर लिया और पूरे परिवार को इमिग्रेशन एरिया के पास ही कड़ी निगरानी में बैठने को कहा।
बेटी की ‘मेडिकल इमरजेंसी’ का बनाया बहाना
हिरासत में लिए जाने के कुछ देर बाद, आरोपी की पत्नी प्रियंका दोषी ने अपनी बेटी की ‘मेडिकल इमरजेंसी’ का नाटक रचा। वह एयरलाइन स्टाफ के पास गई और दावा किया कि उसकी बेटी की तबीयत बहुत खराब है और उसे तुरंत इलाज की जरूरत है। प्रियंका ने चतुराई से इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा रोके जाने की बात छुपाई और एयरलाइन स्टाफ से अपना चेक-इन किया हुआ सामान वापस मांग लिया। एयरलाइन स्टाफ ने मानवीय आधार पर मदद करते हुए पूरे परिवार और उनके सामान को डोमेस्टिक डिपार्चर की ओर पहुंचा दिया। इसी सुरक्षा चूक का फायदा उठाकर धवल दोषी सुबह करीब 5:50 बजे मुंबई जाने वाली फ्लाइट में सवार होकर फरार हो गया।
सरेंडर की तैयारी में आरोपी
इमिग्रेशन विभाग की लिखित शिकायत के बाद शमशाबाद एयरपोर्ट पुलिस ने धवल दोषी और उसकी पत्नी प्रियंका दोषी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शमशाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल फरारी के बाद आरोपी के वकील ने पुलिस से संपर्क किया है और सूचित किया है कि उनका मुवक्किल (धवल दोषी) कानून के शिकंजे से बचने के लिए जल्द ही गुजरात पुलिस के सामने सरेंडर कर सकता है। फिलहाल हैदराबाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में एयरलाइन स्टाफ और इमिग्रेशन की लापरवाही की भी जांच कर रही है।









