ICU बना शादी का मंडप, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही दुल्हन की दूल्हे ने भरी मांग

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी शादी की खबर सामने आई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक दूल्हे ने अपनी दुल्हन के साथ...

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी शादी की खबर सामने आई है, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक दूल्हे ने अपनी दुल्हन के साथ सात फेरे लेने के बजाय अस्पताल के आईसीयू (ICU) में शादी की रस्में पूरी कीं। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल और बेहोश दुल्हन की मांग में दूल्हे ने सिंदूर भरकर उसे अपना जीवनसाथी बनाया।

परीक्षा देकर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, दुल्हन पूजा अपनी एलएलबी (LLB) की परीक्षा देकर घर लौट रही थी, तभी वह बाइक से गिरकर हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर गिरने से पूजा के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया।

गांव पहुंची थी बारात, अस्पताल में हुई शादी

दुखद हादसे के बावजूद दूल्हा और उसके परिवार ने इस रिश्ते को निभाने का फैसला किया। तय कार्यक्रम के अनुसार दूल्हा बारात लेकर पहले पूजा के गांव पहुंचा। वहां द्वारपूजा समेत शादी की अन्य पारंपरिक रस्में पूरे विधि-विधान से संपन्न की गईं। इसके बाद दूल्हा सीधे अस्पताल पहुंचा।

आईसीयू में सिंदूरदान

अस्पताल के आईसीयू बेड पर पूजा बेहोशी की हालत में थी। डॉक्टरों और परिवार की मौजूदगी में दूल्हे ने पूजा की मांग में सिंदूर भरा और शादी की सबसे महत्वपूर्ण रस्म पूरी की। अस्पताल में हुई इस अनोखी शादी को देखकर वहां मौजूद तीमारदार और कर्मचारी भी भावुक हो गए।

फिलहाल, दुल्हन पूजा का इलाज जारी है और पूरा परिवार उसकी सलामती और जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहा है। दूल्हे के इस कदम की लोग काफी सराहना कर रहे हैं, जिसने संकट की घड़ी में अपनी होने वाली पत्नी का साथ नहीं छोड़ा।

Related Articles

Back to top button