
बुलंदशहर : खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के गांव क्वार्सी में पैसों के लेन-देन के विवाद में एक भतीजे ने अपने चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना ₹55 लाख के बकाए के चलते हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
₹55 लाख लिए थे उधार
जानकारी के अनुसार, गांव क्वार्सी के रहने वाले 50 साल के बृजमोहन उर्फ गुड्डू ने कुछ समय पहले अपने भतीजे कृष्णकांत उर्फ मलुआ शर्मा से ₹55 लाख उधार लिए थे। कृष्णकांत काफी समय से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन बृजमोहन रकम वापस नहीं कर पा रहा था।
पैसे वापस न मिलने से नाराज कृष्णकांत ने बृजमोहन का खेत जोतना शुरू कर दिया। जब बृजमोहन को इस बात का पता चला तो वह खेत पर पहुंचा और अपने भतीजे द्वारा खेत जोतने का विरोध किया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद ज्यादा बढ़ गया।
आरोपी ने खुद 112 नंबर पर कॉल करके घटना की जानकारी दी
वही विवाद बढ़ने पर कृष्णकांत ने अचानक गोली चला दी, जिसमें बृजमोहन को गोली लग गई। गोली लगने से बृजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कृष्णकांत ने खुद ही 112 नंबर पर पुलिस को कॉल करके घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसका अपने चाचा से झगड़ा हो गया था और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद PRV और लोकल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की पूरी जांच कर रही है।









