सरधना में पेटीएम टीम लीडर को चार नकाबपोशों ने रोका, मारपीट कर बाइक-मोबाइल लूटा; एक युवती भी शामिल

मेरठ/सरधना। सरधना थाना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात पेटीएम कंपनी के बड़ौत जोन के टीम लीडर को चार नकाबपोश बदमाशों ने रोककर उनके साथ जमकर मारपीट की और बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि बदमाशों में एक युवती भी शामिल थी, जिसकी पहचान तब हुई जब उसने पीड़ित का आईकार्ड देखते समय नकाब हटाया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर एक भट्टे पर पहुंचा और वहां से पुलिस को सूचना दी।

मुजफ्फरनगर के मुजाहिदपुर गांव का रहने वाला है पीड़ित

जिला मुजफ्फरनगर के थाना रतनपुरी क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी आकाश शर्मा पुत्र महेश शर्मा पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के सेल्स विभाग में टीम लीडर के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार की रात वे अपनी बाइक से गांव वापस लौट रहे थे। पाली पुल के पास पहुंचने पर पहले से घात लगाए खड़े एक बदमाश ने अपनी बाइक आड़ी कर उन्हें रोक लिया। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार तीन अन्य नकाबपोश बदमाश भी मौके पर पहुंच गए और आकाश के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।

युवती ने देखा आईकार्ड, खुला राज

आकाश शर्मा ने बताया कि मारपीट के बाद बदमाशों ने उनकी जेबों की तलाशी ली लेकिन जब कुछ नहीं मिला तो गाली-गलौज करते हुए उनकी बाइक और मोबाइल लूट लिए। इसी दौरान एक नकाबपोश बदमाश ने उनका आईकार्ड देखा। आवाज और चेहरे से उसके युवती होने का खुलासा हुआ। पीड़ित के अनुसार, वह युवती करीब 23 वर्ष की रही होगी और उसने लाल रंग की गोल गले की टी-शर्ट और लोवर पहन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश मौके से फरार हो गए। सदमे में घिरे आकाश किसी तरह पैदल चलकर पास के एक भट्टे पर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों की मदद से पुलिस को फोन पर घटना की सूचना दी।

पुलिस ने मौका-ए-वारदात का किया निरीक्षण

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। पीड़ित ने बताया कि रात करीब तीन बजे पुलिस उन्हें सकुशल उनके घर छोड़कर आई। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

एसपी देहात और सीओ ने गांव पहुंच कार्रवाई का दिया आश्वासन

घटना के अगले दिन एसपी देहात और सीओ सरधना स्वयं पीड़ित के मुजाहिदपुर गांव पहुंचे और आकाश शर्मा से पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों का पर्दाफाश किया जाएगा।

किश्तों पर खरीदी थी बाइक, अब दहशत में परिवार

पीड़ित आकाश शर्मा ने वर्ष 2024 में कड़ी मशक्कत के बाद किश्तों पर बाइक खरीदी थी, जिसकी कई किश्तें अभी शेष हैं। इस लूट की घटना के बाद पीड़ित और उनके परिवार में गहरी दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की हर पहलू पर जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button