
मैसाचुसेट्स: अमेरिका के मैसाचुसेट्स में भारतीय मूल के एक किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है। एक्टन निवासी 17 वर्षीय अर्जुन अरविंद को रातभर चली तलाश के बाद बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया।
अर्जुन पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा उस पर हत्या के दो मामले, परिवार के सदस्य के साथ मारपीट, बिना अनुमति वाहन चलाने और मोटर वाहन चोरी के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन ने मंगलवार को एक्टन स्थित अपने घर में मां और भाई पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया और इसके बाद अपनी मां की होंडा एकॉर्ड कार लेकर वहां से फरार हो गया।
मिडलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी मैरियन रयान और एक्टन पुलिस चीफ डगलस स्टर्नियोलो ने बताया कि यह घटना बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर एक्टन शहर के मार्था लेन स्थित घर में हुई।
ट्यूटर के पहुंचने पर हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, घटना का पता मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे चला, जब एक ट्यूटर तय समय पर परिवार के घर पहुंची। घर के अंदर प्रवेश नहीं मिलने पर उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। पिता ने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
इसके बाद उन्होंने एक्टन पुलिस विभाग को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सुधा वेंकटेशन और सिद्धार्थ अरविंद मृत पाए गए। मां का शव घर के बेसमेंट में और बेटे का शव पहली मंजिल पर मिला।
आरोपी कार लेकर हुआ था फरार
जांचकर्ताओं के अनुसार, अर्जुन अपनी मां की कार लेकर गायब था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड में एक पार्किंग लॉट में पुलिस को वह कार मिली, जिसमें अर्जुन मौजूद था। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि मेडिकल एग्जामिनर ने अभी तक मौत के कारण और तरीके की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की भी जांच की जा रही है।
इंटरनेट सर्च को लेकर भी जांच
मिडलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि अर्जुन हाल के दिनों में चिंताजनक व्यवहार कर रहा था। बयान में कहा गया कि उसने इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल कर परिवार की हत्या से जुड़े काल्पनिक विचारों या योजनाओं के बारे में सर्च किया था।









