IPL 2026: रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में मुंबई इंडियंस की ओपनिंग को लेकर बड़ा सस्पेंस, दो खिलाड़ियों में टक्कर…

IPL 2026 में रोहित शर्मा की चोट के बाद मुंबई इंडियंस की ओपनिंग को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है, नमन धीर और सूर्यकुमार यादव में कड़ी टक्कर।

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। टीम के अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैदान से बाहर हो गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, रोहित शर्मा आगामी दो मैचों में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे, जिससे टीम की ओपनिंग जोड़ी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

बता दें, मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेला जाएगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली यह टीम इस समय खराब फॉर्म से गुजर रही है। चार मैचों में सिर्फ एक जीत और तीन हार के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 9वें स्थान पर पहुंच गई है।

बता दें, रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेयान रिकेलटन के साथ ओपनिंग कौन करेगा। टीम के पास दो मजबूत विकल्प मौजूद हैं—नमन धीर और सूर्यकुमार यादव। दोनों खिलाड़ियों के बीच ओपनिंग स्लॉट को लेकर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने भी इस स्थिति पर अपनी राय दी है। उन्होंने कहा कि अगर रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं रहते हैं तो नमन धीर ओपनिंग कर सकते हैं, वहीं सूर्यकुमार यादव भी पहले इस भूमिका में खेल चुके हैं, इसलिए वह भी मजबूत विकल्प हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर किसी विदेशी खिलाड़ी को मौका दिया गया तो टीम को गेंदबाजी संयोजन में समझौता करना पड़ सकता है।

रोहित शर्मा ने इस सीजन में अब तक 4 मैचों में 137 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 165.05 रहा है। वहीं, नमन धीर ने 4 मैचों में 59 रन और सूर्यकुमार यादव ने 4 मैचों में एक अर्धशतक सहित 106 रन बनाए हैं।

अब देखना दिलचस्प होगा कि पंजाब किंग्स के खिलाफ हार्दिक पांड्या किस खिलाड़ी पर भरोसा जताते हैं।

Related Articles

Back to top button