मथुरा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, एक घायल

मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां निर्माणाधीन ओमेक्स मॉल में शटरिंग गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, मथुरा के वृंदावन थाना क्षेत्र में ओमेक्स मॉल में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। मलबे को हटाकर लोगों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सेफ्टी उपकरण मौजूद नहीं थे।

पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button