
डेस्क : भारत की नंबर-1 और विश्व की 27वें नंबर की पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां नूरअली जमानी को गुजरात सरकार के प्रतिष्ठित ‘सरदार पटेल स्पोर्ट्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने गांधीनगर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग द्वारा स्थापित यह पुरस्कार राज्य के सर्वोच्च खेल सम्मानों में गिना जाता है, जो खेल के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन और दृढ़ता दिखाने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।
मात्र पांच वर्ष की आयु में पोलियो से पीड़ित होने के बावजूद नूरजहां ने कभी हार नहीं मानी। उन्होंने 2007 से 2010 के बीच पैरा टेबल टेनिस में हिस्सा लेने के बाद एक दशक से अधिक लंबा ब्रेक लिया था, लेकिन साल 2022 में उनकी जोरदार वापसी ने हर किसी को हैरान कर दिया। वापसी के बाद उन्होंने इंदौर में आयोजित यूटीटी पैरा सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 2025-26 में अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाया और राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया।
अहमदाबाद की रहने वाली नूरजहां अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) में जूनियर ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की प्रमुख ‘गर्व है’ (Garv Hai) पहल के तहत लंबे समय से उच्च प्रदर्शन संबंधी सहयोग, कोचिंग और टूर्नामेंट की योजना जैसी महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है। इस सम्मान पर खुशी जताते हुए नूरजहां ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और ऊंचे लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। अब उनकी निगाहें जापान के आइची और नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक होने वाले 2026 एशियाई पैरा खेलों के लिए क्वालीफाई करने पर टिकी हैं।









