PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’, सीएम योगी काशी से करेंगे शुभारंभ; शत्रुघ्न सिन्हा-रवि किशन समेत कई मशहूर हस्तियों ने दी बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर सोशल मीडिया पर फैंस, नेताओं और सेलेब्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी ने पीएम को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की है।

जानें कौन-कौन दिया पीएम को बधाई

बॉलीवुड से जुड़े कई सितारों ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर पीएम के साथ दो फोटो पोस्ट कीं—एक में पीएम उन्हें गले लगाते नजर आ रहे हैं और दूसरी में दोनों हैंडशेक करते दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, “इससे पहले मेरा ये मैसेज ढेरों मैसेज की भीड़ में कहीं खो जाए, मैं आपको जन्मदिन की बधाई देता हूं। हमारे दोस्त, समाज के दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपको अच्छी सेहत, प्यार, खुशी, शांति और एक स्वस्थ जिंदगी मिले।”

रवि किशन ने भी पीएम के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा, “विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रनिष्ठा और अनवरत परिश्रम के प्रतीक हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री मोदी जी को जन्मदिवस की अनंत कोटि शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।” रवि किशन ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी भी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने कहा कि पीएम के जन्मदिन पर वह और उनका परिवार ‘आशीर्वाद दीया’ जला रहे हैं। उन्होंने पीएम के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पीएम की पहल से उनके गांव में शौचालय, चूल्हा और पानी पहुंचा है। बिंदु दारा सिंह और ईशा कोप्पिकर जैसे कलाकारों ने भी पीएम को बधाई दी।

सीएम योगी ने दी बधाई

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि पीएम का जीवन 145 करोड़ भारतीयों के लिए समर्पित है। सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नदृष्टा और नए भारत के शिल्पी हैं। उन्होंने कहा कि पीएम के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की तरफ बढ़ रहा है और नए कीर्तिमान बन रहे हैं। सीएम ने ईश्वर से पीएम के उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना की।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की अपील

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लोगों से अपील की कि वे बुधवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर पीएम मोदी के स्वस्थ जीवन की कामना करें।

लखनऊ में वृहद सफाई अभियान

पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लखनऊ नगर निगम ने वृहद सफाई अभियान शुरू किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे।

काशी से वडनगर तक निकलेगी विशेष बाइक यात्रा

वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा है। वे पीएम मोदी के जन्मदिन पर काशी पहुंचकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वडनगर तक एक विशेष बाइक यात्रा निकाली जाएगी, जिसे सीएम योगी हरी झंडी दिखाएंगे। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और डिप्टी सीएम भी शामिल होंगे। काशी से 250 बाइकर्स वडनगर के लिए और वडनगर से 250 बाइकर्स काशी के लिए रवाना होंगे। इस यात्रा में लाभार्थियों को भी जोड़ा जाएगा और पीएम के 25 साल के कार्यकाल को दर्शाया जाएगा।

सीएम योगी सुबह 10:30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और काल भैरव मंदिर तथा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे कबीर चौरा अस्पताल भी जाएंगे।

Related Articles

Back to top button