नेपाल बाढ़ त्रासदी पर पीएम मोदी ने की बालेन शाह से बात, भारत ने हर संभव मदद का दिया भरोसा, 105 भारतीयों के लापता होने की खबर

नई दिल्ली/काठमांडू: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली और आपदा में हुई जान-माल की क्षति पर दुख जताया। पीएम मोदी ने नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता और राहत सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत के लोग नेपाल के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की टीमें बचाव और राहत कार्यों में समन्वय के साथ काम कर रही हैं।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद भारतीय दूतावास भी लगातार सक्रिय है। सूत्रों के मुताबिक, नेपाल में फंसे या प्रभावित भारतीय नागरिकों को जल्द राहत और सुरक्षित निकालने के लिए दूतावास नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।

तिब्बत सीमा से लगे नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार सुबह अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस आपदा में करीब 400 लोग लापता हैं, जिनमें लगभग 105 भारतीय नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई है। वहीं, अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ। बाढ़ के तेज बहाव में कई घर, वाहन और अन्य संपत्तियां बह गईं। इसके अलावा कई हाइड्रो पावर परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें बाढ़ का भयावह रूप दिखाई दे रहा है।

भारतीय दूतावास नेपाल ने प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि मदद या जानकारी के लिए +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 नंबरों पर संपर्क करें। दोनों नंबरों पर WhatsApp के जरिए भी सहायता ली जा सकती है।

नेपाल में बाढ़ के खतरे को देखते हुए भारत के सीमावर्ती राज्यों बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक तैयारियों को लेकर चर्चा की।

Related Articles

Back to top button