
दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, पिछली सरकारों में बैठे लोगों ने किस तरह देश का अपमान किया। पहले लोग चंदन लगाने में डरते थे, मंदिर में जाने से डरते थे। जहां मंदिर निर्माण की बात होती थी, वहां शौचालय और हॉस्पिटल बनाने की बात करते थे। पिछली सरकारों में न कानून का राज था, न समाज का राज था। देश के अंदर आतंकियों ने, नक्सलियों ने राज किया। लोगों ने सपा, बसपा, कांग्रेस का राज देखा। उस वक्त धार्मिक स्थलों को किस तरीके से चोट पहुंचाई जाती थी।
वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, पिछली सरकारों में तुष्टिकरण की घटिया राजनीति हुई है। पहले मुझे नहीं लग रहा था कि अयोध्या में ऐसा भव्य दीपोत्सव होता। आज आप सभी के आशीर्वाद ये संभव हो पाया।
केन्द्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री ने कहा, अयोध्या विश्व के सर्वाधिक पर्यटन वाली नगरी में से एक बनेगी। प्रतिवर्ष भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट करने के लिए पर्यटक अयोध्या आते हैं। जल्द ही भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर की आधारशिला रखी थी, वह विश्व के सामने भारत का ऐतिहासिक दिन था।