प्रयागराज में सनसनीखेज वारदात, 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या,घर में भूसे के ढेर से बरामद हुआ शव

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मासूम के साथ दुष्कर्म (रेप) करने के बाद उसकी हत्या की गई है। वारदात को और अधिक वीभत्स रूप देते हुए हत्यारों ने शव को घर के भीतर ही भूसे वाले कमरे में छिपा दिया था।

सगे रिश्तेदारों पर लगा घिनौना आरोप
यह दिल दहला देने वाली वारदात औद्योगिक थाना क्षेत्र के व्योहरा गांव की है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप किसी बाहरी पर नहीं, बल्कि बच्ची के अपने ही सगे रिश्तेदारों पर लगा है। पीड़ित परिवार ने बच्ची के पिता के चाचा-चाची और अन्य करीबियों पर इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान इन रिश्तेदारों के घर से ही मासूम का शव बरामद किया है।

तीन आरोपी हिरासत में, एक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button