पंजाब विधानसभा चुनाव : आम आदमी पार्टी निकालेगी तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री केजरीवाल भी होंगे शामिल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बुधवार को पंजाब के जालंधर में अपनी पार्टी की “तिरंगा यात्रा” में हिस्सा लेंगे। मंगलवार को एक ट्वीट में केजरीवाल ने कहा कि देशभक्ति माहौल में “तिरंगा यात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें जालंधर के लोगों से बड़ी संख्या में उनके साथ शामिल होने की अपील की गई है।

उन्होंने ट्वीट में लिखा, “कल मैं जालंधर में तिरंगा यात्रा में शामिल होऊंगा। मैं जालंधर के सभी निवासियों से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में आएं। देशभक्ति से परिपूर्ण माहौल के बीच जालंधर की सड़कों पर हाथ में तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के नारे की गूंज के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।”

दरअसल, पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जहां आम आदमी पार्टी मुख्य विपक्षी पार्टी की भूमिका में है। एक तरफ जहां सत्ताधारी कांग्रेस अपने कार्यकाल को दोहराने के लिए जनसभाएं कर रही है वहीं दूसरी तरफ राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल भी सत्ता हथियाने की पुरजोर कोशिश में जुटे हुए हैं और इसके लिए लगातार पंजाब के दौरे भी कर रहे हैं।

केजरीवाल ने पंजाब में सत्ता में आने पर राज्य की महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वायदा किया था। इसके बाद उन्होंने 7 दिसंबर को पंजाब में एक सदस्यता अभियान भी शुरू किया था। बता दें कि आगामी चुनाव के लिहाज से आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल का एक हफ्ते के अंदर यह दूसरा पंजाब दौरा है।

Related Articles

Back to top button