शिक्षक आत्महत्या प्रकरण में फरार चल रही निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव दिल्ली से गिरफ्तार, 25 हजार का था इनाम

गोरखपुर/कुशीनगर। शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में नामजद और पिछले कई महीनों से फरार चल रहीं निलंबित बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को गुलरिहा पुलिस ने मंगलवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। 22 फरवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही वह पुलिस को चकमा दे रही थीं। न्यायालय द्वारा उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका था, जबकि एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने उनकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से शालिनी श्रीवास्तव की लोकेशन दिल्ली में ट्रेस की गई। इसके बाद गुलरिहा पुलिस की टीम ने वहाँ दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी निलंबित लिपिक संजीव सिंह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है और उसकी तलाश जारी है।

यह पूरा प्रकरण 21 फरवरी 2026 को शुरू हुआ था, जब कुशीनगर जिले के हरैया बुजुर्ग गाँव निवासी शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह ने गुलरिहा क्षेत्र में अपने बड़े भाई के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अगले ही दिन 22 फरवरी को उनकी पत्नी गुड़िया सिंह ने गुलरिहा थाने में तहरीर देकर निलंबित बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। तहरीर में कहा गया कि हाईकोर्ट के एक आदेश का अनुपालन कराने के नाम पर कृष्ण मोहन सिंह, ओमकार सिंह और अपर्णा तिवारी नामक तीन शिक्षकों से 16-16 लाख रुपये की माँग की गई थी। आरोप है कि तीनों शिक्षकों ने अपने गहने गिरवी रखकर और रिश्तेदारों से कर्ज लेकर कुल 48 लाख रुपये की व्यवस्था की, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों की ओर से लगातार पैसों की माँग और मानसिक प्रताड़ना जारी रही।

पुलिस जाँच के दौरान मृतक शिक्षक की जेब से चार पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था। इसमें कृष्ण मोहन सिंह ने अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर तत्कालीन बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह को जिम्मेदार ठहराया था। सुसाइड नोट में यह भी लिखा था कि 20 फरवरी को उन्हें बीएसए कार्यालय बुलाकर बुरी तरह अपमानित किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए। सुसाइड नोट सामने आने के बाद इस मामले ने पूरे प्रदेश में तूल पकड़ लिया और शिक्षा विभाग के साथ-साथ पुलिस प्रशासन भी कड़े सवालों के घेरे में आ गया था।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि 10 हजार के इनामी निलंबित बीएसए को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निलंबित लिपिक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button