
वाराणसी: यूपी में निकाय चुनाव का मतदान दो चरणों में संपन्न होने के बाद आज 13 मई को परिणाम आने हैं. निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव की मतगणना को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं. यूपी में नगर पालिका परिषदों के 198 अध्यक्षों और 5,260 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था.
मतदाताओं ने नगर पंचायतों के 542 अध्यक्षों और नगर पंचायतों के 7,104 सदस्यों के भाग्य का फैसला करने के लिए भी मतदान किया है. कुल मिलाकर, 163 जनप्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए, जबकि 14,522 पदों के लिए 83,378 उम्मीदवार मैदान में थे, और आज इन सभी के भाग्य का फैसला हो जाएगा.
मतगणना को लेकर चुनाव आयोग ने कई दिशा निर्देश जारी किए हैं. चुनाव आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित होगा. 200 मीटर के दायरे में किसी को जाने की इजाजत नहीं होगी. पूरे प्रदेश में लागू निषेधाज्ञा के मद्देनजर किसी भी प्रत्याशी को विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी. पुलिस प्रशासन हुड़दंगियों पर लगातार नजर बनाए है, किसी भी प्रकार हिंसा को देखते हुए पुलिस को एलर्ट किया गया है.









