
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। ट्रंप ने इस तस्वीर को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि भले ही फोटो में दोनों का चेहरा थोड़ा “अनफ्रेंडली” नजर आ रहा है, लेकिन असल में दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इस खास तस्वीर में भले ही दोनों के चेहरे पर दोस्ताना भाव नहीं दिख रहा है, लेकिन ऐसी कई तस्वीरें हैं जिनमें वह और किम जोंग उन मुस्कुरा रहे हैं और दोनों की अच्छी बनती है।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के आगामी संयुक्त सैन्य अभ्यासों की आलोचना की है। उत्तर कोरिया का कहना है कि ये सैन्य अभ्यास कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव बढ़ाने वाले हैं।
अमेरिका और दक्षिण कोरिया का संयुक्त सैन्य अभ्यास 17 अगस्त से शुरू होकर 27 अगस्त तक चलने वाला है। इसमें ड्रोन, जीपीएस बाधा और साइबर हमलों जैसे संभावित खतरों से निपटने की तैयारियों पर भी ध्यान दिया जाएगा।
उत्तर कोरिया ने इन सैन्य अभ्यासों को उकसावे वाली कार्रवाई बताया है। उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका-जापान-दक्षिण कोरिया सैन्य सहयोग एक “परमाणु गठबंधन” का रूप ले रहा है और इसके जवाब में प्योंगयांग अपनी सुरक्षा क्षमता को और मजबूत करेगा।
इस बीच उत्तर कोरिया ने हाल ही में एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण भी किया था। दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार यह मिसाइल पूर्वी सागर की ओर दागी गई थी, जबकि अमेरिकी सेना ने इसे केवल “मिसाइल लॉन्च” बताया था।








