
हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के देहात थाना इलाके में देर रात पुलिसवालों पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मुरादपुर गांव के पास नाइट पेट्रोलिंग कर रहे दो पुलिसवालों पर कुछ दबंग युवकों ने हमला कर दिया, जिसमें दोनों पुलिसवाले घायल हो गए। हमले में एक सिपाही का सिर गंभीर रूप से फट गया।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ देहात थाने में तैनात कांस्टेबल दौलत राम और अभिषेक त्यागी देर रात इलाके में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी बीच उन्हें मुरादपुर गांव के पास बाइक सवार दो युवक संदिग्ध हालत में शराब की बोतलें ले जाते दिखे। पुलिसवालों ने बाइक रोककर उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
कई युवकों ने लाठी-डंडे लेकर दोनों सिपाहियों को घेरा
वही बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान युवक पुलिसवालों से उलझ गया। बात बढ़ी तो उसने अपने दूसरे साथियों को फोन करके मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद कई युवक लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और दोनों सिपाहियों को घेर लिया।
चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिसवालों पर बुरी तरह हमला किया। हमले में सिपाही दौलत राम के सिर पर गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। कांस्टेबल अभिषेक त्यागी भी घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर लोकल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवानों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दोनों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना।
पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में
पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।









