
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में लव मैरिज के बाद पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पति से नाराज होकर मायके जाकर रह रही पत्नी को मनाने में असफल रहने पर खिसियाए पति ने खौफनाक कदम उठा लिया। आरोपी युवक ने सोमवार तड़के अपने ससुराल पहुंचकर घर के बाहर खड़ी तीन स्कूटियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में तीनों स्कूटियां धू-धूकर जलकर खाक हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने कुछ माह पहले ही युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद होने लगा, जिसके बाद नाराज पत्नी अपना ससुराल छोड़कर मायके आकर रहने लगी। पति लगातार फोन और मैसेज के जरिए पत्नी को मनाने और वापस बुलाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पत्नी ने आने से इनकार कर दिया।
पत्नी के ससुराल न लौटने से बौखलाया पति सोमवार सुबह करीब 3 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र (बहादुरगंज) स्थित लोहिया पांडे का हाता स्थित अपने ससुराल पहुंचा। वहां घर के बाहर खड़ी तीन स्कूटियों पर पेट्रोल डालकर उसने आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि उसकी यह करतूत पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति की पहचान कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। साथ ही पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के कारणों और वाहनों को निशाना बनाने के मामले की पड़ताल की जा रही है।









