
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से आयुर्वेद यूनिवर्सिटी से जुड़ी एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यूनिवर्सिटी द्वारा लंबे समय से परीक्षा परिणाम जारी न किए जाने से नाराज 10 छात्र विरोध प्रदर्शन करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गए हैं। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ अन्य छात्र भी मौजूद हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि 2019, 2020 और 2021 बैच के छात्रों का अभी तक रिजल्ट जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। खास बात यह है कि इन सभी batches के एग्जाम और रिजल्ट को लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से छात्रों के पक्ष में फैसला आ चुका है, इसके बावजूद यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा परिणाम घोषित नहीं किए जा रहे हैं।
टंकी पर चढ़े छात्रों को उतारने और समझाने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर लगातार प्रयास कर रहे हैं। छात्रों की मांग है कि कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द उनका रुका हुआ रिजल्ट जारी किया जाए, अन्यथा उनका यह विरोध प्रदर्शन और तेज हो सकता है।









