
लखनऊ/रायबरेली/मेरठ। प्रचंड गर्मी और उमस भरे मौसम के बीच पूरा उत्तर प्रदेश बिजली कटौती की मार से त्राहि-त्राहि कर रहा है। राजधानी लखनऊ से लेकर बस्ती और चंदौली तक, आम जनता रात-रात भर जागने पर मजबूर है। कहीं पावर हाउस पर भीड़ जुटी तो कहीं गुस्साई भीड़ ने महापौर को ही घर से बाहर बुला लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हंगामे के वीडियो इस संकट की गंभीरता को बयाँ कर रहे हैं।
राजधानी लखनऊ: पावर हाउस पर उमड़ा गुस्सा
लखनऊ के कई इलाकों में रात होते ही बिजली संकट गहरा जाता है। फैजुल्लागंज, जानकीपुरम और इंदिरा नगर सेक्टर-25 जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में स्थिति विशेष रूप से बदतर है। बार-बार बिजली जाने से नाराज स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पावर हाउस पर पहुँच गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
मेरठ: 40 डिग्री तापमान में रातभर तपे लोग, BJP मेयर को घर से बाहर बुलाया
मेरठ में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 36 से 40 डिग्री तापमान के बीच रात 8 बजे के बाद से शहर की बिजली आपूर्ति ठप रही। देर रात तक बिजली न आने पर गुस्साई भीड़ सीधे बीजेपी महापौर के घर पहुँच गई और उन्हें बाहर बुलाकर खड़ा कर दिया। करीब एक घंटे तक भीड़ के बीच खड़े रहकर महापौर ने अफसरों से बातचीत की। गंगानगर क्षेत्र में तो पिछले चार दिनों से हर रात बिजली गुल होने की शिकायत है।
रायबरेली: कर्मचारियों पर शराब पीकर ड्यूटी करने का आरोप, वीडियो वायरल
डलमऊ क्षेत्र के कटघर पावर हाउस पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि रोस्टिंग के नाम पर बिजली गुल रखी जा रही है, वहीं तैनात कर्मचारी शराब के नशे में ड्यूटी कर रहे हैं। ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चंदौली: अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी, भाजपा नेता को बीच-बचाव करना पड़ा
चंदौली में बिजली कटौती और ट्रिपिंग से तंग आकर लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। स्थानीय भाजपा नेता राणा सिंह को मौके पर पहुँचकर बिजली विभाग के अधिकारियों से बात करनी पड़ी, लेकिन इस दौरान भीड़ प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ लगातार नारेबाजी करती रही।
कानपुर देहात: मेडिकल कॉलेज के छात्र सड़कों पर उतरे
अकबरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने बिजली कटौती और अव्यवस्थाओं के विरोध में जोरदार हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि 24 घंटे बिजली की जगह महज 8-9 घंटे ही आपूर्ति हो रही है। गर्मी में समय पर खाना और मूलभूत सुविधाएँ न मिलने के कारण छात्रों को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलना पड़ा। सूचना पर पहुँची पुलिस और प्रशासन ने कई घंटों की मशक्कत के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।
बस्ती में सड़क जाम, बरेली में पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप
बस्ती के कोतवाली क्षेत्र में दिन-रात हो रही अघोषित कटौती से गुस्साए लोगों ने सड़क पर वाहनों को रोककर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। वहीं, बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में सिरौली रोड पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर जाने से आधा दर्जन गाँवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और आवागमन में भी दिक्कत हो रही है।









