
शामली के कैराना नगर के मोहल्ला खेलकला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पिता सलमान ने अपने 4 बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से इलाके में कोहराम मच गया है। बुधवार को सुबह 11 बजे एक मासूम बच्ची का शव यमुना नदी से बरामद हुआ, जबकि दोपहर साढ़े 12 बजे पिता सलमान का शव मिला।
पुलिस और गोताखोरों की टीम अन्य तीन बच्चों की तलाश में जुटी हुई है, हालांकि अब तक कोई और शव नहीं मिला है। सलमान ने बच्चों के साथ कूदने से पहले उनका वीडियो भी बनाया था।
परिजनों का कहना है कि सलमान के घरेलू विवाद के कारण इस दुखद कदम को उठाया। पत्नी के प्रेमी के साथ घर छोड़ जाने के बाद वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने अपने बच्चों के साथ यह कदम उठाया।
घटना के दो दिन बाद भी लापता बच्चों की तलाश जारी है। स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीमें नदी में तलाशी अभियान चला रही हैं। इस घटना ने पूरे इलाके को शोक और दुख में डुबो दिया है, और परिवार के सदस्यों में गहरी शोक की लहर है।









