ठंड अभी बाकी है…, तेज कोहरा और सर्द हवाओं ने बदला रूख, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, दो दिन होगी बारिश

उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह और शाम के समय घने कोहरे की चादर देखी ...

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इस समय मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह और शाम के समय घने कोहरे की चादर देखी जा रही है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से मौसम थोड़ा साफ हो जाता है, लेकिन पश्चिमी यूपी में बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके कारण 19-20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान जताया है, लेकिन प्रदेश के दोनों संभागों में कहीं-कहीं घने से अत्यंत घने कोहरे की संभावना है। शनिवार को भी घना कोहरा लोगों को आवाजाही में परेशान कर सकता है। हालांकि, रविवार से मौसम में बदलाव होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

पश्चिमी यूपी में बारिश का अलर्ट
राजधानी लखनऊ में दिन के समय धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन रात के समय कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी हुई है। दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। नोएडा और ग़ाज़ियाबाद में सर्द हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई है, और बीते एक हफ्ते से यहां मौसम की यही स्थिति बनी हुई है।

अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में आज सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, अंबेडकर नगर और कुशीनगर में घने से अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, और कई जगहों पर जीरो मीटर विजिबिलिटी रहने की संभावना है।

इसके अलावा, नोएडा, गाज़ियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाज़ीपुर में आज घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

हरदोई रहा सबसे ठंडा
बीते 24 घंटों में उत्तर प्रदेश का हरदोई जिला सबसे ठंडा रहा है, जहां न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फुर्सतगंज, बरेली, कानपुर और अलीगढ़ प्रदेश के सबसे ठंडे जिले रहे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। इसके बाद धीरे-धीरे 4-6°C की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button