
Weather Update : मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार समेत 19 राज्यों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और बिजली जाने का अलर्ट जारी किया है। IMD ने आज दिल्ली में बारिश, आंधी-तूफान और तूफान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल बारिश और तूफान के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज दिल्ली का मैक्सिमम टेम्परेचर 41 डिग्री सेल्सियस और मिनिमम टेम्परेचर 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। दिल्ली में 60 km प्रति घंटे की स्पीड से तेज आंधी चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 से 16 जून के बीच बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर पूर्वी राज्यों और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश की उम्मीद है। वहीं, कई राज्यों में तूफान और बिजली गिरने के भी अनुमान हैं। ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में भारी बारिश और तूफान का असर देखने को मिल सकता है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम का हाल ?
IMD ने आज यूपी के कई जिलों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मेरठ, आगरा, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली जाने की भी संभावना जताई है। 70 km प्रति घंटे की स्पीड से तेज आंधी आ सकती है।
11 से 13 जून के दौरान बिहार में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। बिहार में 11 से 12 जून के बीच आंधी-तूफान आने की भी संभावना है।
उत्तराखंड-हिमाचल में ओले गिरनें की संभावना
IMD ने आज उत्तराखंड और हिमाचल के कई जिलों में बारिश और गरज के साथ बौछारों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार समेत कई जिलों में तूफान के साथ बिजली गुल होने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 11 जून से 14 जून तक हिमाचल में भारी बारिश और ओले गिरने का अनुमान लगाया है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में भी बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। तटीय कर्नाटक, केरल और दक्षिण कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।









