
आगरा। उत्तर प्रदेश टी20 लीग के मिनी ऑक्शन में शुक्रवार को भारतीय लेग स्पिनर कर्ण शर्मा सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। कानपुर सुपरस्टार्स ने उन्हें 5 लाख रुपये के बेस प्राइस से बोली लगाकर 23 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ लिया। पिछले सीजन कर्ण शर्मा नोएडा किंग्स के लिए खेल चुके हैं।
किस टीम ने किस पर लगाया दांव?
आगरा में हुए इस मिनी ऑक्शन में कई टीमें काफी सक्रिय रहीं। नोएडा किंग्स ने शुभम गौतम को 2.50 लाख के बेस प्राइस से बढ़ाकर 21.50 लाख रुपये में खरीदा, जबकि गोरखपुर लायंस ने शिवम चौधरी को 21 लाख रुपये में अपने कब्जे में लिया। काशि रुद्रस ने मोहम्मद शरीम को 17.50 लाख और विजय यादव को 5.20 लाख रुपये में खरीदा। वहीं लखनऊ फाल्कन्स ने मेरठ के बल्लेबाज समीर चौधरी को 3.50 लाख के बेस प्राइस से बढ़ाकर 11.75 लाख रुपये में जोड़ा।
कानपुर और मेरठ ने भी जोड़े खिलाड़ी
कानपुर सुपरस्टार्स ने कर्ण शर्मा के अलावा यशोवर्धन सिंह को 6.60 लाख में खरीदा, जबकि मोहम्मद अमान, शिवम बंसल और अजय कुमार को बेस प्राइस पर ही टीम में शामिल कर लिया। मेरठ मैवरिक्स ने करण चौधरी और कुणाल यादव को बेस प्राइस पर अपने साथ जोड़ा। टीमें अब आगामी यूपी टी20 लीग सीजन के लिए अपनी तैयारियों में जुट गई हैं।









