वाराणसी में तिरंगा यात्रा के दौरान बुर्का-नकाब पहनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, साथी समेत पुलिस ने किया चालान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तिरंगा यात्रा के दौरान बुर्का और नकाब पहनकर घूम रहे एक युवक को उसके साथी समेत पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मलदहिया चौराहे पर गुरुवार को सिगरा पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया और उनकी स्कूटी भी सीज कर दी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर दोनों किस मकसद से बुर्का-नकाब पहनकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए थे।

पकड़े गए दोनों युवक

तिरंगा यात्रा के दौरान सिगरा इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र मलदहिया चौराहे पर तैनात थे। ट्रैफिक व्यवस्था संभालते वक्त उनकी नजर मॉडिफाइड साइलेंसर वाली एक स्कूटी पर सवार ‘बुर्कानशीन’ और एक युवक पर पड़ी। बुर्का पहने व्यक्ति की हरकतें संदिग्ध लगने पर पुलिस ने स्कूटी रोक ली। तलाशी में पता चला कि बुर्का पहने हुए व्यक्ति असल में युवती नहीं, बल्कि शिवपुर निवासी इरशाद अहमद नाम का युवक है। उसके साथ औरंगाबाद (लक्सा) निवासी उसका दोस्त मिजान अहमद भी मौजूद था।

पूछताछ में बोले आरोपी

पुलिस पूछताछ में इरशाद अहमद बुर्का और नकाब पहनकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने की कोई ठोस वजह नहीं बता सका। उसने दलील दी कि वह रील और शॉर्ट वीडियो बनाने के लिए अपने दोस्त मिजान के साथ इमलिया घाट (फुलवरिया) जा रहा था। उसने यह भी बताया कि बुर्का और नकाब उसकी अम्मी का है, जिसे उसने मिजान के घर से पहनकर निकला था।

उसने दावा किया कि वह तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं था। सिगरा इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों युवक 12वीं कक्षा के छात्र हैं और उनसे पूछताछ के बाद मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button