
गोरखपुर की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद हनीमून के दौरान पति ने पीरियड आने से नाराज होकर उसके साथ मारपीट की और होटल में गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंडमान निकोबार में हनीमून के दौरान विवाद
रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पति उसे अंडमान निकोबार हनीमून पर लेकर गया था। इसी दौरान पीरियड आने और तबीयत खराब होने पर पति नाराज हो गया।
वही आरोप है कि होटल में पति ने महिला के साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की गई। महिला के शोर मचाने पर होटल कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।
45 दिन बाद ससुराल से निकालने का आरोप
महिला का आरोप है कि दिल्ली लौटने के बाद ससुराल वालों ने भी उसका उत्पीड़न किया और शादी के करीब 45 दिन बाद उसे घर से निकाल दिया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 30 मई 2023 को दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में हुई थी। उसने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने का भी आरोप लगाया है। वही इससे पहले 30 अप्रैल को गोरखपुर में गोदभराई हुई थी। आरोप है कि ससुराल वालों की मांग पर पिता ने 20 लाख रुपये नकद और हुंडई वेन्यू कार समेत 40 लाख रुपये से अधिक का सामान दिया गया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
महिला की शिकायत के बाद एसएसपी के निर्देश पर रामगढ़ताल थाने में पति , सास और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









