वाराणसी : गरमा-गरम समोसे की नोकझोंक पहुंची जिला कोर्ट, वकील से मारपीट करने वाले दुकानदार सहित 5 पर FIR दर्ज

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित जाल्हूपुर बाजार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां महज गर्म समोसे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब जिला कोर्ट तक पहुंच गया है। मामला इसी साल फरवरी महीने का है, जब स्थानीय वकील शिवशंकर सिंह जाल्हूपुर बाजार की एक दुकान पर समोसा खरीदने गए थे।

दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह ने जब उन्हें ठंडा समोसा थमा दिया, तो वकील ने गरमा-गरम समोसा मांगने की गुजारिश की। इसी बात पर दुकानदार और ग्राहक के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह और उनके साथियों ने मिलकर वकील शिवशंकर सिंह की जमकर पिटाई कर दी।

घटना के बाद पीड़ित वकील ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने इंसाफ के लिए जिला कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।

अदालत के निर्देश पर चौबेपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। एक ठंडे समोसे से शुरू हुआ यह साधारण सा विवाद अब कानूनी दांव-पेच में उलझ चुका है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button