हैदराबाद में एस्टन मार्टिन की टक्कर से महिला की मौत, सांसद के बेटे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज

हैदराबाद में तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर देखने को मिला है। बता दे कि माधापुर इलाके में एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में कार चलाने वाले युवक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के पास हुई। मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है, जो एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन के तौर पर काम करती थीं।बताया जा रहा है कि घटना के समय भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद भारती को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी सहकर्मी ने स्टोर मैनेजर को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। साइबराबाद पुलिस ने जांच में कार चालक की पहचान लिंगामनेनी संजुश के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, वह राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे हैं।

माधापुर एसीपी सी. श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हुई है क्योंकि मामला जमानती अपराध के तहत दर्ज किया गया है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button