गाजियाबाद में खूनी खेल! पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी और दो बेटियों पर किया हमला, मां-बेटी की मौत

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और...

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लोकप्रिय विहार की गली नंबर-3 में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों पर गंडासे और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी और बड़ी बेटी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात खोड़ा इलाके की एक इमारत की चौथी मंजिल पर हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

अस्पताल पहुंचने पर मां-बेटी को मृत घोषित किया गया

शनिवार तड़के करीब 3 बजे तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और उनकी बेटी सना तबस्सुम को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, 14 वर्षीय रूबी तबस्सुम घायल हालत में अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

वारदात के बाद घर के बाहर बैठा रहा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने वाला आरोपी मोहम्मद रजा अंसारी है, जो बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है। पत्नी और बेटियों पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर के बाहर बैठा रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आर्थिक तंगी और तनाव को बताया जा रहा वजह

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक परेशानियों के तनाव में आकर यह कदम उठाने की बात कही है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से भी गुजर रहा था।

मोहम्मद रजा अंसारी गाजीपुर मुर्गा मंडी में मुंशी का काम करता था।

पुलिस ने शुरू की जांच

इंदिरापुरम एसीपी सूर्यबली मौर्य के अनुसार, सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button