मैनपुरी सीओ ने मूंछों पर ताव देते हुए कहा- अखिलेश यादव के दे देना वीडियो; सपा मुखिया बोले- बदलाव की दस्तक, निलंबन की मांग नहीं

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात सीओ अशोक सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे ग्रामीणों के साथ बहस के दौरान मूंछों पर ताव देते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि “बना लो वीडियो, वायरल कर देना, अखिलेश यादव के दे देना।” यह वीडियो पोस्टमार्टम हाउस के बाहर का बताया जा रहा है, जहां सीओ की कुछ लोगों से किसी मामले को लेकर तीखी बहस हो गई थी। इसी दौरान एक शख्स ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिस पर सीओ ने अपने नाम का जिक्र करते हुए यह चुनौती भरा बयान दिया।

अखिलेश यादव ने दिया तीखा जवाब

वायरल वीडियो पर अब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है, इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है। ऐसे लोगों से क्या होना इंसाफ है, पर अब ये कुछ दिनों की बात है.. क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है, हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!” सपा अध्यक्ष के इस जवाब ने सियासी पारा और चढ़ा दिया है।

सीओ ने दी सफाई

वहीं, इस विवाद पर सीओ अशोक सिंह ने अपनी सफाई देते हुए बताया कि थाना एलान क्षेत्र में एक क्लीनर की हत्या हुई थी, जिसमें दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रधान एक अन्य व्यक्ति को झूठा नामजद कराने की जिद कर रहे थे। सीओ ने कहा, वहां मुझे एक जाति विशेष का पुलिस अधिकारी बताया गया। कुछ लोगों ने कहा कि वीडियो को संबंधित पार्टी के पास भेज दो, तो मैंने बस इतना कहा था कि यह वीडियो उनको न भेजकर उससे ऊपर भेज दो।

Related Articles

Back to top button