
साड़ी एक ऐसा आउटफिट है, जो हर महिला की खूबसूरती को निखार देता है। लेकिन कई बार साड़ी पहनने के बाद पेट के आसपास कपड़ा ज्यादा जमा हो जाता है, जिससे पेट बाहर निकला हुआ या बॉडी शेप थोड़ी बल्की नजर आने लगती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो साड़ी पहनते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप इस परेशानी से बच सकती हैं।
साड़ी ड्रेपर और फैशन स्टाइलिस्ट हीना गेहानी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर साड़ी में पेट के आसपास दिखने वाले बल्ज को कम करने के आसान तरीके बताए हैं।
1. पेटीकोट की फिटिंग पर दें खास ध्यान
स्टाइलिस्ट के मुताबिक, साड़ी का परफेक्ट लुक पेटीकोट की सही फिटिंग से शुरू होता है। पेटीकोट को कमर से बहुत नीचे पहनने के बजाय नाभि के आसपास रखना चाहिए। इससे साड़ी की फिटिंग बेहतर रहती है और पेट के पास कपड़ा ज्यादा इकट्ठा नहीं होता।
पेटीकोट की डोरी को भी अच्छी तरह बांधना जरूरी है। डोरी में दो बड़ी सेफ्टी पिन लगाकर उसे ट्विस्ट करने और फिर नॉट लगाने से पेटीकोट अपनी जगह पर टिका रहता है और साड़ी पहनते समय नीचे खिसकने की संभावना कम होती है।
2. साड़ी का पहला राउंड रखें बिल्कुल साफ
पेटीकोट पहनने के बाद साड़ी का पहला राउंड लगाते समय इसे सही तरीके से टक करें। साड़ी को बहुत ज्यादा कसकर खींचने की जरूरत नहीं है। कपड़े को आराम से सेट करें, ताकि पेट के आसपास अनावश्यक दबाव न बने।
सही तरीके से की गई टकिंग साड़ी की शेप को बेहतर बनाने में मदद करती है और पूरे लुक को साफ-सुथरा रखती है।
3. पल्लू की बनाएं पतली प्लीट्स
अगर आप साड़ी में लंबी और स्लिम नजर आना चाहती हैं तो पल्लू की पतली-पतली प्लीट्स बनाएं। पल्लू को थोड़ा लंबा रखते हुए कंधे पर सही जगह सेट करें और पिन लगा दें।
इससे पल्लू बार-बार खिसकेगा नहीं और साड़ी का पूरा लुक ज्यादा क्लीन और व्यवस्थित नजर आएगा।
4. साड़ी की साइड फिटिंग का रखें ध्यान
पेट के आसपास बल्ज कम दिखाने के लिए साड़ी की साइड फिटिंग भी बेहद महत्वपूर्ण है। अगर प्लीट्स के अंदर से कपड़ा आसानी से नहीं खिंच रहा है तो शुरुआत में ही थोड़ा अतिरिक्त फैब्रिक छोड़ दें।
इस अतिरिक्त कपड़े को ब्लाउज के पास पिन कर दें और इसके बाद सेंटर प्लीट्स तैयार करें। सेंटर प्लीट्स बनने के बाद ब्लाउज के पास लगाए गए पिन को खोलकर कपड़े को थोड़ा खींचें। फिर इसे सेंटर प्लीट्स के साथ पेटीकोट में टक कर दें।
इससे साड़ी का कपड़ा सही जगह पर बैठने में मदद करता है और पेट के आसपास कपड़े के ज्यादा जमा होने से बचा जा सकता है।
इन छोटी ट्रिक्स से मिलेगा बेहतर साड़ी लुक
साड़ी पहनते समय पेटीकोट की सही फिटिंग, साफ टकिंग, पतली पल्लू प्लीट्स और साइड की फिटिंग पर ध्यान देकर पेट के आसपास कपड़े के अतिरिक्त बल्ज को कम दिखाया जा सकता है। इन आसान स्टाइलिंग टिप्स की मदद से साड़ी का लुक ज्यादा साफ और व्यवस्थित नजर आ सकता है।









