जल्द अमेरिका को पीछे छोड़ेगा पीछे भारत ! बनने जा रहा दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क

भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। देश में लगातार नए मेट्रो रूट शुरू किए जा रहे हैं और मौजूदा मार्गों का भी विस्तार किया जा रहा है। इसी विस्तार के चलते भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई अब 1170 किलोमीटर तक पहुंच गई है।

सरकार का अनुमान है कि जिस रफ्तार से देश में मेट्रो परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है, उसे देखते हुए अगले दो साल में भारत मेट्रो रेल नेटवर्क की लंबाई के मामले में अमेरिका को पीछे छोड़ सकता है। ऐसा होने पर चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क वाला देश बन जाएगा।

अमेरिका और भारत के मेट्रो नेटवर्क में कितना अंतर?

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल के मुताबिक, अमेरिका में फिलहाल करीब 1386 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क है। वहीं भारत में मेट्रो नेटवर्क की लंबाई बढ़कर 1170 किलोमीटर हो चुकी है।

इस लिहाज से भारत और अमेरिका के बीच करीब 216 किलोमीटर का अंतर रह गया है। देश में जिस तेजी से नए मेट्रो मार्ग तैयार किए जा रहे हैं, उसे देखते हुए सरकार को उम्मीद है कि अगले दो साल में यह अंतर खत्म हो सकता है।

2014 से अब तक कितना बढ़ा मेट्रो नेटवर्क?

भारत में मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार पिछले कुछ वर्षों में काफी तेजी से हुआ है। साल 2014 में देश के केवल 5 शहरों में करीब 245 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क था।

अब मेट्रो रेल की पहुंच 26 शहरों तक हो चुकी है और नेटवर्क की कुल लंबाई 1170 किलोमीटर पहुंच गई है। यानी करीब एक दशक में मेट्रो रेल नेटवर्क की लंबाई के साथ-साथ इसकी पहुंच में भी बड़ा विस्तार हुआ है।

मेट्रो नेटवर्क में कौन है सबसे आगे?

मेट्रो रेल नेटवर्क की लंबाई के मामले में चीन अभी दुनिया में सबसे आगे है। चीन में करीब 8000 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क है। इसके बाद अमेरिका और भारत का स्थान आता है।

भारत का लक्ष्य अब केवल बड़े महानगरों तक मेट्रो रेल की सुविधा पहुंचाने तक सीमित नहीं है। देश के कई अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। नए रूट शुरू होने के साथ भारत के मेट्रो नेटवर्क की लंबाई में और इजाफा होने की उम्मीद है।

इंदौर में भी बढ़ा मेट्रो नेटवर्क

मेट्रो रेल के बढ़ते नेटवर्क में मध्य प्रदेश का इंदौर भी शामिल हो गया है। यहां मेट्रो रेल सेवा के नए मार्ग का हाल ही में उद्घाटन किया गया है।

इसके बाद इंदौर में मेट्रो रेल करीब 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हो गई है। नए मार्ग में 16 स्टेशन शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button