जालौन में NH-27 पर भीषण सड़क हादसा! ट्रक में घुसी रोडवेज बस, ड्राइवर और कंडक्टर समेत 8 घायल

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। आटा थाना क्षेत्र में रफ्तार से जा रही एक यूपी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस जबरदस्त टक्कर में बस के परखच्चे उड़ गए और यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे की मुख्य वजह ट्रक ड्राइवर द्वारा अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगाना बताया जा रहा है। ब्रेक लगते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत कुल 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट ने खुद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों को समुचित इलाज के निर्देश दिए। फिलहाल आटा थाना पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है और मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button