
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने त्यागपत्र स्वीकार करते हुए इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उनका इस्तीफा 15 सितंबर यानी मंगलवार से प्रभावी माना जाएगा।
कब और क्यों दिया था इस्तीफा?
दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला देते हुए स्वेच्छा से प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने का फैसला किया था। प्रदेश सरकार ने उनका त्यागपत्र केंद्र सरकार को भेज दिया था, जिसे केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने अब स्वीकार कर लिया है। दिव्या ने इस्तीफा देने की जानकारी अपने फेसबुक और एक्स अकाउंट के जरिए दी थी।
देवरिया DM पद से हटाए जाने के बाद से थीं असहज
गौरतलब है कि मई 2026 में दिव्या मित्तल को देवरिया के जिलाधिकारी (DM) पद से हटाकर राजस्व विभाग में अपेक्षाकृत कम महत्व के विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया था। इसके बाद से ही वह असहज बताई जा रही थीं। उनके इस्तीफे को लेकर अब तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एक चर्चा यह भी है कि दिव्या मित्तल मीरजापुर से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं।









