फतेहपुर में 5 बीघा बेशकीमती जमीन के लिए दनादन चलीं गोलियां, बाउंड्री वॉल बनाने के दौरान खूनी संघर्ष

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। थरियांव थाना क्षेत्र स्थित हसवा पुलिस चौकी के ठीक पास हाईवे किनारे मौजूद 5 बीघा बेशकीमती जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

घटना के दौरान मौके पर जमकर बवाल हुआ और इलाके में ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग किए जाने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस पूरी वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गोलियों की तड़तड़ाहट साफ तौर पर सुनाई दे रही है। फायरिंग की आवाज से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।

हैरान करने वाली बात यह रही कि घटना की सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो बेखौफ दबंगों ने पुलिस की मौजूदगी में ही जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहारी के साथ सरेआम मारपीट कर दी। खाकी के सामने हुई इस गुंडागर्दी और मारपीट से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल, स्थानीय पुलिस ने वायरल वीडियो को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button