भारतीय सेना को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में मंगलवार देर रात से जारी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक टॉप कमांडर मारा गया। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान फौजी मूसा उर्फ हाशिम मूसा के रूप में हुई है। वह कई आतंकी गतिविधियों में वांछित था और पहलगाम आतंकी हमले से भी उसका नाम जोड़ा गया है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान उसका शव बरामद किया।

खुफिया सूचना पर शुरू हुआ संयुक्त ऑपरेशन

भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने खुफिया सूचना के आधार पर यूसमर्ग के कोरग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। चिनार कोर के मुताबिक, तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। जवानों ने आतंकियों को चुनौती दी, जिसके बाद आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी और मुठभेड़ शुरू हो गई।

सेना के अनुसार, गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया। बाद में उसकी पहचान मूसा के रूप में सामने आई। अभियान अभी भी जारी है।

जंगलों में तीन और आतंकियों की तलाश

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र को देखते हुए तलाशी अभियान बेहद सतर्कता के साथ चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों को इलाके में तीन अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका है।

सुरक्षाबलों की कोशिश आतंकियों के संभावित भागने के रास्तों को बंद करने और जंगल में छिपे अन्य आतंकियों का पता लगाने की है।

सितंबर में भी हुई थी यूसमर्ग में मुठभेड़

यूसमर्ग के जंगलों में सितंबर की शुरुआत में भी सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस कार्रवाई में लश्कर से जुड़े पाकिस्तानी आतंकी यासिर के मारे जाने की जानकारी सामने आई थी। अधिकारियों के मुताबिक, मूसा उस मुठभेड़ से बच निकला था और उसके बाद से ही उसकी तलाश जारी थी।

पहलगाम आतंकी हमले से भी जुड़ा था नाम

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी। इस मामले में NIA ने दिसंबर 2025 में LeT/TRF समेत सात आरोपियों के खिलाफ 1,597 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। NIA के अनुसार, चार्जशीट में पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क और हमले की साजिश में उनकी भूमिका का विवरण दिया गया था।

मूसा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कई आतंकी गतिविधियों में उसकी संलिप्तता की जानकारी सामने आती रही है। ताजा यूसमर्ग ऑपरेशन में उसके मारे जाने के बाद सुरक्षा बल अब इलाके में मौजूद अन्य संभावित आतंकियों की तलाश में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button