
भारतीय फुटबॉल टीम ने 2026 SAFF चैंपियनशिप में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। गुरुवार (5 नवंबर) को ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हरा दिया। भारत की ओर से सुहेल अहमद भट्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए, जबकि मैंगलेंथांग किपगेन ने एक गोल दागा।
सुहेल अहमद भट्ट ने दागे दो गोल
भारत ने मुकाबले की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की। मैच के 13वें मिनट में सुहेल अहमद भट्ट ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 19वें मिनट में उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।
मैच के 31वें मिनट में मैंगलेंथांग किपगेन ने भारत की ओर से तीसरा गोल किया। इस तरह पहले हाफ में भारतीय टीम ने 3-0 की शानदार बढ़त हासिल कर ली।
एक्स्ट्रा टाइम में पाकिस्तान ने किए दो गोल
पहले हाफ में तीन गोल से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान के लिए मुकाबले में वापसी करना मुश्किल हो गया। दूसरे हाफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। निर्धारित 90 मिनट का खेल खत्म होने तक भारत 3-0 से आगे था।
हालांकि, एक्स्ट्रा टाइम में पाकिस्तान ने दो गोल करके मुकाबले को रोमांचक बना दिया। नजीब उल्लाह ने 90+1वें मिनट में पाकिस्तान के लिए पहला गोल किया। इसके बाद 90+4वें मिनट में आलमगीर गाजी ने दूसरा गोल दागा।
लेकिन पाकिस्तान की टीम मुकाबले में बराबरी नहीं कर सकी और भारत ने 3-2 से जीत दर्ज कर ली।
SAFF चैंपियनशिप की अंक तालिका में टॉप पर भारत
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ ही भारतीय टीम ग्रुप की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। इस ग्रुप में भारत, पाकिस्तान और मालदीव्स की टीमें शामिल हैं।
पहले मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद भारत के खाते में तीन अंक हो गए हैं, जबकि हार के बाद पाकिस्तान तीसरे पायदान पर पहुंच गया है।
11 नवंबर को मालदीव्स से होगा भारत का अगला मुकाबला
SAFF चैंपियनशिप में भारतीय टीम अब अपना दूसरा मुकाबला 11 नवंबर को मालदीव्स के खिलाफ खेलेगी। पाकिस्तान के खिलाफ जीत के बाद टीम इंडिया की नजरें अगले मुकाबले में भी जीत दर्ज करने पर होंगी।









