
झारखंड की आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने के फैसले का उनके पिता हंडू भगत ने स्वागत किया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से CBI जांच के निर्देश दिए जाने के बाद परिवार ने निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की उम्मीद जताई है। निशा के पिता ने कहा कि यह फैसला न्याय की दिशा में एक कदम है। उन्होंने मांग की है कि जांच के लिए ऐसे अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, जो बिना किसी दबाव के पूरे मामले की जांच कर सकें।
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में हंडू भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आखिरकार निशा भगत के मामले में CBI जांच की सिफारिश की है। अब यह देखना होगा कि राज्य सरकार जांच को किस तरह आगे बढ़ाती है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए किन अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही भरोसा था कि इस मामले की जांच CBI को सौंपी जाएगी। अब जांच का फैसला होने के बाद उन्हें उम्मीद है कि पूरी जांच निष्पक्ष और बिना किसी डर या दबाव के होगी।
दरअसल, आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की 6 नवंबर को मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था। मौत से पहले सोशल मीडिया पर किए गए लाइव प्रसारण में उन्होंने कथित तौर पर स्थानीय जमीन माफिया, सरकारी अधिकारियों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई।
इस मामले को लेकर निशा के परिवार ने भी साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। विपक्षी दल बीजेपी और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मामले की CBI जांच कराने की मांग उठाई थी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर CBI जांच के निर्देश दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।”
पुलिस की शुरुआती जांच में क्या हुआ?
इससे पहले पुलिस ने मामले में अप्राकृतिक मृत्यु (UD) का केस दर्ज किया था। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने वैज्ञानिक जांच की थी। वहीं, रांची स्थित RIMS में मेडिकल बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया गया था।
निशा भगत ने अपनी शिकायतों को लेकर पिठोरिया थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए थे। पुलिस प्रशासन का कहना था कि इन आरोपों सहित मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पिता की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है और पिठोरिया थाना प्रभारी को उनके पद से हटाकर पुलिस लाइन भेजा गया है।
अब CBI जांच के जरिए निशा भगत की मौत से जुड़े सभी पहलुओं, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस-प्रशासन की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। परिवार को उम्मीद है कि स्वतंत्र जांच से मामले की सच्चाई सामने आएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।









