
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोनिया गांधी के संस्मरण (Memoir) को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्होंने यह किताब देखी भी नहीं है और इसके बारे में केवल सुना है। पहले वह किताब को पढ़ेंगे और उसकी सामग्री को समझेंगे, इसके बाद ही अपनी प्रतिक्रिया देंगे। हालांकि, इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा और उसके शासनकाल को लेकर कई सवाल भी उठाए।
बुधवार को भोपाल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिस विचारधारा को सोनिया गांधी ने अपनाया, वह हमेशा तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति पर केंद्रित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने करीब 60 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन उसका ध्यान वोट बैंक की राजनीति पर ही रहा।
कांग्रेस पर राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर साधा निशाना
सीएम धामी ने कांग्रेस सरकारों पर राष्ट्रीय सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सीमाओं की सुरक्षा करने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए गए। धामी के मुताबिक, उस दौर में सीमा पार से आतंकवादियों, अलगाववादियों और जिहादी तत्वों की ओर से हमले होते थे, लेकिन सैनिकों को जवाबी कार्रवाई के लिए गोली चलाने तक के आदेश नहीं दिए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद देश की सीमाएं पहले से अधिक सुरक्षित हुई हैं।
मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास कर रहा है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी लगातार प्रगति कर रहा है। वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की बढ़ती भूमिका ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर पूरी दुनिया के सामने अपनी वैज्ञानिक क्षमता का उदाहरण पेश किया। वैज्ञानिकों और संस्थानों ने जिस तरह काम किया, वह सराहनीय रहा। धामी ने कहा कि यही वजह है कि जनता लगातार सरकार को समर्थन दे रही है, जबकि विरोध करने वाले आलोचना के लिए मुद्दे तलाशते रहते हैं।
शिवराज सिंह चौहान की मां को दी श्रद्धांजलि
भोपाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास भी पहुंचे। यहां उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की दिवंगत मां काशी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। धामी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।









