
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के सीनियर लीडर आसिम वकार ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन की लगाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में है। वकार के इस बयान ने प्रदेश की सियासत में नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है।
आसिम वकार ने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को पर्दे के पीछे से अमित शाह नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की लगाम अमित शाह के हाथ में है। हालांकि, उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य या विस्तृत जानकारी नहीं दी।
कुछ लोग बीजेपी के लिए काम करते हैं- आसिम वकार
कांग्रेस नेता ने अपने बयान में कहा कि बहुत से लोग बीजेपी के लिए काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मुकदमों और जेल जाने के डर से राजनीतिक फैसले लेते हैं, जबकि कुछ लोग अपना खजाना बढ़ाने के लिए राजनीति में सक्रिय हैं। वकार ने इन टिप्पणियों के जरिए गठबंधन की राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए।
जल्द और बड़े खुलासे करने का दावा
आसिम वकार ने अपने बयान में आगे कहा कि वह बहुत जल्द इस पूरे मामले को लेकर और बड़े खुलासे करेंगे। उनके इस दावे के बाद अब राजनीतिक हलकों में उनके अगले बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि आने वाले दिनों में वह किन मुद्दों और किन लोगों को लेकर खुलासे करेंगे।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर बढ़ी सियासी चर्चा
गौरतलब है कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन का ऐलान किया है। ओवैसी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मोर्चे के प्रत्याशी उतारने की बात कही है। साथ ही उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री का चेहरा भी घोषित किया है।









