
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रतापगढ़ के कुंडा और प्रयागराज का सियासी समीकरण हमेशा से सुर्खियों में रहता है। इसी कड़ी में प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने प्रतापगढ़ के बेंती स्थित आवास पर पहुंचकर जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया से मुलाकात की। इस भेंट की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को कई दृष्टिकोणों से देखा जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से राजा भइया और समाजवादी पार्टी के बीच मतभेदों की खबरें चर्चा में रही हैं। ऐसे माहौल के बीच कांग्रेस सांसद का बेंती आवास पहुंचना सियासी विश्लेषकों के लिए कौतूहल का विषय बना हुआ है। कुछ राजनीतिक जानकार इसे सामान्य शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं, तो वहीं एक वर्ग के बीच कांग्रेस की ओर से राजा भइया को समर्थन दिए जाने जैसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
दूसरी ओर, इस मुलाकात का समय भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कुंडा में बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। ऐसे में इस भेंट को धार्मिक आयोजन के निमंत्रण या स्थानीय समन्वय से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं या उनके दलों की ओर से इस मुलाकात के राजनीतिक निहितार्थों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल तस्वीर ने प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा जरूर छेड़ दी है।









