Mahindra XEV 9S : भारत की सबसे ज्यादा स्कोर पाने वाली 7-सीटर कार बनी , Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में मिले 5 स्टार

डेस्क : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में महिंद्रा ने अपनी मजबूत गाड़ियों की पहचान को एक बार फिर साबित किया है। कंपनी की इलेक्ट्रिक SUV Mahindra XEV 9S ने Bharat NCAP के क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। खास बात यह है कि इस SUV ने एडल्ट और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन, दोनों श्रेणियों में 5 स्टार प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही यह भारत में अब तक क्रैश टेस्ट की गई सबसे ज्यादा स्कोर हासिल करने वाली 7-सीटर कार बन गई है।

Bharat NCAP टेस्ट में मिले शानदार अंक

Mahindra XEV 9S ने Bharat NCAP के सुरक्षा परीक्षण में एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन के लिए 32 में से 31.15 अंक हासिल किए हैं। वहीं, चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन कैटेगरी में इसे 49 में से 45 अंक मिले हैं।

दोनों श्रेणियों में 5-स्टार रेटिंग मिलने के बाद इसका कुल स्कोर 76.15 अंक हो गया है। इस प्रदर्शन के साथ XEV 9S ने इलेक्ट्रिक और पेट्रोल-डीजल इंजन वाली कई 7-सीटर गाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। यह Bharat NCAP से 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग पाने वाली देश की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV भी बन गई है।

सेफ्टी फीचर्स से लैस है Mahindra XEV 9S

महिंद्रा ने XEV 9S में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक फीचर्स दिए हैं। हालांकि, अलग-अलग वेरिएंट में इनकी उपलब्धता अलग हो सकती है। Pack One Above और Pack Two Above में छह एयरबैग मिलते हैं। जबकि Pack Three और Pack Three Above में ड्राइवर नी एयरबैग भी दिया गया है। इससे इन वेरिएंट में एयरबैग की संख्या सात हो जाती है।

SUV में 5 रडार और एक कैमरे की मदद से काम करने वाला लेवल-2 ADAS सिस्टम भी मिलता है। इसमें ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा बढ़ाने वाले कई ऑटोमैटिक फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा 360-डिग्री और 540-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा दिया गया है, जो पार्किंग और ब्लाइंड स्पॉट की निगरानी में मदद करता है। बेहतर ब्रेकिंग के लिए ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) और ट्रैक्शन कंट्रोल भी मिलता है।

इन आधुनिक फीचर्स से भी लैस

Mahindra XEV 9S में इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक (EPB), हिल डिसेंट कंट्रोल और ड्राइवर के लिए थकान चेतावनी प्रणाली जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ सिक्योर 360 प्रो, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर और फ्रंट-रियर पार्किंग सेंसर भी मिलते हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य ड्राइवर और यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ गाड़ी को नियंत्रित करना और पार्किंग को आसान बनाना है।

Mahindra XEV 9S की कीमत कितनी है?

कीमत की बात करें तो Mahindra XEV 9S की एक्स-शोरूम कीमत करीब 16.62 लाख रुपये से शुरू होकर 30.90 लाख रुपये तक जाती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Tata Harrier.EV और Kia Carens Clavis EV जैसी गाड़ियों से है। Bharat NCAP के क्रैश टेस्ट में मिले 5 स्टार और 76.15 अंकों के साथ Mahindra XEV 9S ने इलेक्ट्रिक 7-सीटर SUV सेगमेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

Related Articles

Back to top button