‘राम का सार हर भारतीय के खून में…’, जावेद अख्तर ने भगवान राम को बताया जीवन जीने का तरीका

फिल्ममेकर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों चर्चा में है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने भी फिल्म और भगवान राम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जावेद अख्तर ने कहा कि भगवान राम किसी एक धर्म या सीमा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श हर भारतीय के जीवन का हिस्सा हैं।

जावेद अख्तर ने अभी तक नहीं देखी ‘रामायण’

दरअसल, मंगलवार को मुंबई में इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) के एक लॉन्च इवेंट में जावेद अख्तर शामिल हुए थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक ‘रामायण’ नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं।

जावेद अख्तर ने कहा कि जोया फिल्म की जमकर तारीफ कर रही हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जोया किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती हैं। यहां तक कि उन्होंने आज तक अपने पिता के काम की भी तारीफ नहीं की है।

‘राम का सार हर भारतीय के खून में है’

भगवान राम के व्यक्तित्व और उनकी लोकप्रियता पर बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि राम किसी एक धर्म या सीमा तक बंधे हुए नहीं हैं। वह सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं।

उन्होंने कहा, “हो सकता है कि कई लोग मुझसे नाराज हों, लेकिन राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो।”

जावेद अख्तर के मुताबिक, भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके गुणों को समझने पर उनकी महानता का एहसास होता है। उनका व्यक्तित्व किसी एक व्यक्ति की पहचान से कहीं बड़ा है।

जल्द ‘रामायण’ देखेंगे जावेद अख्तर

जावेद अख्तर ने बातचीत के दौरान साफ किया कि उनकी बेटी जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्हें यह काफी पसंद आई है। हालांकि, उन्होंने खुद अभी तक फिल्म नहीं देखी है। उन्होंने कहा कि वह भी जल्द ही इस फिल्म को देखेंगे।

‘मैं अच्छा राइटर हूं, इसलिए मेरी लिखी लाइनें दिल छूती हैं’

इवेंट के दौरान जावेद अख्तर से फिल्म ‘स्वदेश’ के गाने ‘पल पल है भारी’ को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि उनके लिखे इस गाने को आज भी खूब पसंद किया जाता है, जबकि नई ‘रामायण’ के संगीत को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है।

इस पर जावेद अख्तर ने बेबाक अंदाज में जवाब देते हुए कहा, “इसका सीधा सा जवाब है कि मैं एक अच्छा राइटर हूं, इसलिए मेरी लिखी लाइन्स लोगों के दिलों को छूती हैं।”

इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड में बन रही फॉर्मूला फिल्मों और सोनिया गांधी की नई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ की भी तारीफ की।

Related Articles

Back to top button