
बेंगलुरु: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली UPA सरकार के दौरान पार्टी के ही कुछ नेताओं ने तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच रुकवा दी थी। मोइली ने कहा कि इस फैसले का खामियाजा कांग्रेस आज भुगत रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस फैसले के लिए जिम्मेदार नहीं थे, बल्कि पार्टी के कुछ अन्य नेता इसके पीछे थे।
अमित शाह के बाद नरेंद्र मोदी की बारी थी: मोइली
17 नवंबर को बेंगलुरु में सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के दौरान वीरप्पा मोइली ने अपने कानून मंत्री रहने के समय का जिक्र किया। उन्होंने सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में अमित शाह की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कहा कि उस समय अमित शाह को गुजरात से बाहर रहने का आदेश दिया गया था और मामले की सुनवाई दूसरे राज्य में होनी थी।
मोइली ने कहा कि अमित शाह के बाद नरेंद्र मोदी की बारी आती और उन्हें भी जेल जाना पड़ता। उन्होंने दावा किया कि जांच आगे बढ़ती तो राजनीतिक परिस्थितियां अलग हो सकती थीं।
मनमोहन सिंह नहीं, कांग्रेस के दूसरे नेता थे जिम्मेदार
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ जांच को उनकी अपनी सरकार ने ही रोक दिया था। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इसके लिए जिम्मेदार मानने से इनकार किया।
मोइली के मुताबिक, पार्टी के कुछ अन्य नेताओं की वजह से जांच आगे नहीं बढ़ पाई। उन्होंने इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी आज उसी फैसले का परिणाम भुगत रही है।
हालांकि, उन्होंने उन नेताओं के नाम उजागर नहीं किए और कहा कि फिलहाल वह इस मामले की विस्तृत जानकारी में नहीं जाना चाहते।
सोहराबुद्दीन एनकाउंटर मामले में अमित शाह की हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि अमित शाह को साल 2010 में सीबीआई ने सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी एनकाउंटर मामले में गिरफ्तार किया था। उस समय वह गुजरात के गृह राज्यमंत्री थे।
30 दिसंबर 2014 को मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने इस मामले में अमित शाह को आरोपमुक्त कर दिया था। सोहराबुद्दीन शेख की 26 नवंबर 2005 को गुजरात के अहमदाबाद में एनकाउंटर में मौत हुई थी। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, जबरन वसूली और हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज थे।
मोइली के बयान पर मनोज झा की प्रतिक्रिया
वीरप्पा मोइली के इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। आरजेडी नेता मनोज झा ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि मोइली और उस समय के अन्य नेताओं के पास इतिहास से जुड़े कई साक्ष्य और जानकारियां हैं।
मनोज झा ने कहा कि वह उस समय सक्रिय राजनीति में नहीं थे, लेकिन उन्होंने गुजरात में लंबे समय तक काम किया है और कई घटनाक्रमों से परिचित हैं। उन्होंने एसआईटी के गठन और क्लीन चिट मिलने की प्रक्रिया का भी जिक्र किया।
मोइली के इस बयान ने कांग्रेस के भीतर पुराने राजनीतिक और संगठनात्मक फैसलों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।









