
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के पास हुई हत्या के मामले में आरोपी गैंगस्टर नसीम दुर्रानी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे ढेर किया गया। नसीम दुर्रानी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उस पर 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में समीर नाम के व्यक्ति की हत्या करने का आरोप था।
दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी से जुड़े होने का दावा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नसीम दुर्रानी के अंडरवर्ल्ड से संबंध होने की बात सामने आई थी। उसे कथित तौर पर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी से जुड़ा बताया जा रहा था। इसके अलावा, उसके छोटा शकील के संपर्क में रहने की भी जानकारी सामने आई है।
दुर्रानी पर आरोप था कि छोटा शकील ने वर्ष 2016-17 के दौरान छोटा राजन की हत्या की सुपारी उसे दी थी। वहीं, पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या की साजिश में भी उसका नाम सामने आया था।
बुलंदशहर में पुलिस ने घेरकर की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि नसीम दुर्रानी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में छिपा हुआ है। इसके बाद नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच कई राउंड फायरिंग हुई।
इस मुठभेड़ में पुलिस की गोलियां लगने से दुर्रानी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
16 नवंबर को सोनिया विहार में हुई थी समीर की हत्या
दरअसल, 16 नवंबर को दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार इलाके में समीर नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर देखा गया था। इसी मामले में नसीम दुर्रानी पुलिस के निशाने पर था।









