जयपुर में BJP को बड़ा झटका, कांग्रेस ने 7 में से 4 जिला परिषद सीटें जीतीं, भजनलाल के गढ़ में भी पिछड़ी पार्टी

राजस्थान पंचायत चुनाव की मतगणना के बीच सामने आ रहे नतीजों ने सियासी तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। राजधानी जयपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को शुरुआती रुझानों में बड़ा झटका लगा है। जिला परिषद की घोषित 7 सीटों में से कांग्रेस ने 4 पर कब्जा जमाया है, जबकि बीजेपी को सिर्फ एक सीट मिली है। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने भी एक सीट पर जीत दर्ज की है।

जयपुर की पंचायत समितियों में कांग्रेस का दबदबा

जयपुर में पंचायत समिति चुनाव की मतगणना के दौरान कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। अब तक सामने आए नतीजों के अनुसार कांग्रेस ने 47 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, बीजेपी को 16 सीटें मिली हैं। ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने भी 16 सीटों पर जीत दर्ज की है।

इन शुरुआती नतीजों से राजधानी में बीजेपी की चुनावी स्थिति कमजोर दिखाई दे रही है।

भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी BJP को झटका

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी बीजेपी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है। यहां हनुमान बेनीवाल की पार्टी ने 5 सीटें जीतकर बढ़त बनाई है। बीजेपी को दो और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है।

इसके अलावा जयपुर की 9 पंचायत समितियों में बीजेपी अभी तक अपना खाता नहीं खोल सकी है। पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं मौजूदा जिला परिषद अध्यक्ष रमा चोपड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा है।

पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस 102 सीटों पर आगे

राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में से अब तक 201 के रुझान सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस 102 पंचायत समितियों में बढ़त के साथ पहले स्थान पर है। बीजेपी 71 समितियों में आगे चल रही है, जबकि निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 28 जगहों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

जिला परिषद चुनाव में BJP-कांग्रेस के बीच मुकाबला

जिला परिषद चुनाव के शुरुआती नतीजों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का नजर आ रहा है। हालांकि, जयपुर के नतीजों ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। मतगणना के आगे बढ़ने के साथ राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में किस पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, यह तस्वीर और साफ होगी।

Related Articles

Back to top button