
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर शनिवार को हमला बोला और कहा कि जब इस पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है तो पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय को भंग कर देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, ईंधन के बेतहाशा बढ़ते दामों पर जब न कोई सरकारी नियंत्रण, न शासन, न प्रशासन, न प्रबंधन, न ही नियमन है और अगर सब कुछ बाज़ार के हवाले ही है तो फिर पेट्रोल, डीज़ल, गैस का मंत्रालय किसलिए। इस मंत्रालय को तत्काल भंग कर देना चाहिए! भाजपाई-महंगाई जनता को निरंतर ईंधन से निर्धन कर रही है।
बता दे कि देश में बढ़ रही मंहगाई को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार सरकार पर हमलावर है। और इससे पहले भी उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर कहा था कि, आज के महँगाई के दौर में कंपनियां बढ़ती हुई लागत जनता से वसूल रही हैं पर अपना लाभ कम नहीं कर रही हैं। लोकतंत्र में सरकार की भूमिका राज करने की नहीं बल्कि ऐसी नीतियां बनाने की होती है जो जनहित के लिए नियंत्रण रखे, जिससे कोई जनता का शोषण-उत्पीड़न न कर सके। आगे उन्होंने कहा भाजपा पार्टी नहीं एक कम्पनी बन गयी है।









