
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन सीटों के बंटवारे का गणित दोनों दलों के बीच बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है। कांग्रेस की 181 सीटों की शुरुआती मांग के मुकाबले समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव चर्चा में है। दोनों आंकड़ों के बीच 155 सीटों का अंतर गठबंधन की बातचीत को खास बना रहा है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहले खुलासा किया था कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसके बाद सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों ने अपनी-अपनी कमेटियां गठित कीं। बातचीत के लिए सपा की ओर से सांसद राजीव राय समेत वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई।
राजीव राय के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस के सामने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। वहीं, कांग्रेस अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और चुनावी प्रदर्शन के आधार पर सम्मानजनक सीटों की मांग कर रही है।
हालांकि, बातचीत के दौरान कांग्रेस की मांग में भी बदलाव की खबरें सामने आई हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस करीब 120 सीटों और कम से कम 50 जीतने योग्य सीटों पर जोर दे रही है।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव पर राजी होगी ? क्या अखिलेश यादव सीटों की संख्या बढ़ाने को तैयार होंगे ? या फिर गठबंधन के लिए बीच का कोई रास्ता निकाला जाएगा?
फिलहाल दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है और सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लगना बाकी है। 2027 के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का यह सियासी गणित आने वाले दिनों में गठबंधन की दिशा तय करने वाला अहम मुद्दा बन सकता है।






