
लखनऊ- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश मुख्यालय पर युवा संगठनों के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की. युवा नेताओं को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है. देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है.
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी एजेंसियों ईडी, इन्कम टैक्स और सीबीआई का उपयोग विपक्ष को डराने-धमकाने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए किया जाने लगा है. बुलडोजर से डराना भाजपा का एजेण्डा है. भाजपा की इन्हीं कुनीतियों के चलते समाज का हर वर्ग परेशान है और अब वह भाजपा सरकार से छुटकारा पाना चाहता है.
सपा प्रमुख ने कहा कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा का हारना तय है. समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में विजयी होगी. जनता समाजवादी पार्टी के साथ है.
अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज नौजवानों के भविष्य के आगे अंधेरा है. रोटी-रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है. समाजवादी पार्टी उनके लिए आवाज उठाती रही है. महंगाई भाजपा के कारण है. किसान की आय दोगुनी कहां हुई? बिजली महंगी क्यों है? एक यूनिट बिजली का भाजपा राज में उत्पादन नहीं हुआ. फर्जी मुकदमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं को फंसाया जा रहा है. रोजगार की दर 4.2 प्रतिशत है जो सच्चाई से दूर है.
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी से जुड़ा नौजवान संघर्षशील है. वह कर्मठ और निष्ठावान है. भाजपा गुमराह करने में किसी हद तक जा सकती है. भाजपा वैमनस्य, नफरत की राजनीति करती है. भाजपा का मुकाबला करने के लिए समाजवादी युवा उत्साह से भरे हुए हैं. आगामी निकाय चुनाव और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा की धांधली रोकने में नौजवानों की सक्रिय भूमिका होगी.
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की हार और समाजवादी पार्टी की जीत में नौजवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई थी. भाजपा की तमाम साजिशें मैनपुरी में सफल नहीं हो सकीं. नौजवानों को बिना किसी प्रलोभन और भय के किसी भी क्षेत्र में हो रहे अन्याय का कड़ा विरोध करना है.
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के तीन माह के अंदर उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए नए महाभारत के युद्ध में समाजवादी पार्टी तैयार है. हम इस युद्ध में जनता के साथ हैं.
इस दौरान सपा राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व मंत्री श्री राम आसरे विश्वकर्मा, समाजवादी युवजन सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री अरविन्द गिरि, समाजवादी छात्र सभा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह देव, यूथ ब्रिगेड के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष श्री अनीस राजा तथा समाजवादी युवजन सभा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद फहाद भी बैठक में मौजूद रहे.









