
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों में बारिश से संबंधित स्थिति के बारे में चर्चा की। पीएम ने प्रभावित राज्यों को भारत सरकार की ओर से हरसंभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया गया हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फ़ोन पर बात की। उन्होंने सीएम धामी से भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के मौजूदा हालातों की जानकारी ली। साथ ही साथ केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद दिए जाने का भी भरोसा दिलाया।
सीएम ने पीएम मोदी से हुई फ़ोन बातचीत की जानकारी देते हुए ट्वीट किया। ट्वीट में सीएम धामी ने बताया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोबाइल फोन के माध्यम से उत्तराखंड में भारी बारिश के दृष्टिगत प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी ली। और मेरे द्वारा प्रधानमंत्री को प्रदेश में जान-माल व फसलों की क्षति, सड़कों की स्थिति, चार धाम यात्रा तथा कांवड़ यात्रा के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
आगे सीएम धामी ने बताया कि इसके साथ ही उन्हें एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन द्वारा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रहकर किए जा रहे बचाव कार्यों के बारे में अवगत कराया है। पीएम मोदी द्वारा केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देने पर सीएम धामी ने उनका आभार जताया है।









